क्षेत्रीय
04-May-2026
...


उल्हासनगर, (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली चुनावी सफलता के बाद उल्हासनगर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय पर जोरदार विजय उत्सव मनाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ढोल-ताशों की गूंज, आतिशबाजी और एक-दूसरे को मिठाई और झालमुड़ी खिलाकर कार्यकर्ताओं ने अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए इस जीत को जनता के विश्वास और पार्टी की विकास नीतियों की विजय बताया। आम नागरिकों ने भी इस खुशी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का वातावरण बन गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेश वधरिया, विधायक कुमार आयलानी, उपमहापौर अमर लुंड, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप रामचंदानी, अजीत सिंह लबाना, मनु गरीब, संजय सिंह चाचा, प्रेम झा, सतीश मराठे, युवा मोर्चा अध्यक्ष गुरमीत लबाना, व्यापारी सेल के अध्यक्ष अमित वाधवा, प्रवीण किष्णानी, हेमा झा, अर्चना कर्णकाले, मंगला चांडा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं ने इस जीत को जनता के विश्वास की जीत बताया। उनका कहना था कि राज्य की जनता ने विकास, सुशासन और बदलाव के पक्ष में मतदान किया है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण के कारण ही यह सफलता संभव हो पाई है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेगी। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राजेश वधरिया ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनना और पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक प्रदर्शन पार्टी के बढ़ते जनाधार को दर्शाता है। साथ ही पुडुचेरी में भी भाजपा एनडीए की सरकार बनने की संभावना को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, यह दिखा रहा है के गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक भारतीय जनता पार्टी आज 20 से ज्यादा राज्यों में चुनकर अपनी सरकार बना रही है। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप रामचंदानी ने कहा कि असम में हम तीसरी बार लगातार चुने गए हैं। आंकड़ा 100 के पार है 126 में से। बंगाल में जहां हमारे श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ की स्थापना की थी। आज वह 1952 के बाद आज 2026 में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का सपना पूरा हुआ है और प्रचंड जीत यानी 205 सीटें जो अभी रुझानों में भारतीय जनता पार्टी आगे दिख रही है। यह पूरी तरह से पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी का लोगों का प्रेम और विश्वास आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित जी शाह की कड़ी मेहनत का नतीजा है कि कार्यकर्ताओं ने वो कर दिखाया और 2029 की हमारी राह आसान कर दी और हमें पूरा विश्वास है कि बंगाल में अब भय मुक्त बंगाल होगा, गुंडा मुक्त बंगाल होगा और रोजगार बनेगी वहां पर बहुत सारे कल कारखाने लगेंगे और आज का दिन भारतीय जनता पार्टी उल्हासनगर के कार्यकर्ताओं का दिन है क्योंकि इससे बड़ी खुशी हमारे दिन में हमारे जीवन में आ नहीं सकती। इसलिए तमाम भारतीय जनता पार्टी के उल्हासनगर के कार्यकर्ताओं का और सभी इन नेताओं का आज हम अभिनंदन करते हैं कि आपकी मेहनत रंग लाई। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि आने वाले समय में पार्टी और अधिक राज्यों में अपनी पकड़ मजबूत करेगी तथा विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। कुछ कार्यकर्ताओं ने इस जीत को उन पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण और बलिदान को समर्पित बताया, जिन्होंने चुनावी संघर्ष के दौरान अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि यह जीत उनके सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा। संतोष झा- ०४ मई/२०२६/ईएमएस