राज्य
04-May-2026
...


:: राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने संभाला कार्यभार; बोलीं- महिलाएं अधिकारों को पहचानें, आयोग निभाएगा मार्गदर्शक की भूमिका :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश में नारी सशक्तिकरण के संकल्प को नई ऊर्जा देते हुए रेखा यादव ने सोमवार को मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। उनके साथ ही नवनियुक्त सदस्य साधना स्थापक ने भी कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए यादव ने स्पष्ट किया कि आयोग अब केवल शिकायतों के निवारण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महिलाओं के वैचारिक और सामाजिक सशक्तिकरण का नया अध्याय लिखेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विजन की सराहना करते हुए कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति की महिला तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। महिला अपराधों पर कड़ा रुख अपनाते हुए यादव ने कहा कि कानून अपनी जगह है, लेकिन समाज की मानसिकता में बदलाव लाए बिना स्थायी सुधार संभव नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल कानूनों के निर्माण से अपराधों पर पूर्णतः अंकुश नहीं लगाया जा सकता, इसके लिए मानवीय सोच और सामाजिक दृष्टिकोण को बदलना नितांत आवश्यक है। जब तक महिलाओं के प्रति समाज का नजरिया नहीं बदलेगा, तब तक अपराध की प्रवृत्ति में बदलाव संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने अधिकारों को पहचानें, क्योंकि एक जागरूक नारी ही अन्याय के विरुद्ध मजबूती से खड़ी हो सकती है। अध्यक्ष ने कहा कि अक्सर जानकारी के अभाव में महिलाएं शोषण सहती रहती हैं, इसलिए अधिकारों की जानकारी ही बचाव की पहली सीढ़ी है। राज्य महिला आयोग अब एक मित्र और मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगा। आयोग की योजना हर जिले में महिलाओं तक पहुंचने की है ताकि वे बिना किसी डर के अपनी बात रख सकें। पदभार ग्रहण के इस अवसर पर आयोग के सदस्य सचिव सुरेश तोमर सहित वरिष्ठ अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। प्रकाश/04 मई 2026