राज्य
04-May-2026
...


:: जिला रोजगार कार्यालय में लगा एक दिवसीय मेला; 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने चुने योग्य उम्मीदवार, स्वरोजगार के लिए भी मिली राह :: इंदौर (ईएमएस)। बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और रोजगार कार्यालय के साझा प्रयासों से सोमवार को जिला रोजगार कार्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले युवा संगम का आयोजन किया गया। इस मेले में शहर की 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने साक्षात्कार के बाद 91 युवक-युवतियों का प्रारंभिक रूप से चयन कर उन्हें रोजगार की सौगात दी। शासन के निर्देशों पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखते ही बना। उप संचालक रोजगार पी.एस. मण्डलोई ने बताया कि इस युवा संगम मेले में कुल 183 आवेदकों ने पंजीयन कराया था, जिनमें 152 युवक और 31 युवतियां शामिल थीं। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न रिक्त पदों के लिए सीधे साक्षात्कार लिए। चयन प्रक्रिया के बाद 73 युवकों और 18 युवतियों को फार्मासिस्ट, एचआर, सेल्स एक्जीक्यूटिव, डिजिटल मार्केटिंग, और तकनीकी पदों जैसे फीटर व वेल्डर के लिए चुना गया। मेले में पत्रिका, आईटीएल इंडस्ट्रीज और कोडरविंग जैसी प्रमुख कंपनियों ने युवाओं को अवसर प्रदान किए। :: स्वरोजगार के लिए भी किया प्रेरित :: मेले में केवल नौकरी ही नहीं, बल्कि खुद का व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक युवाओं को भी मार्गदर्शन दिया गया। जिला उद्योग केंद्र की टीम ने 6 आवेदकों को शासन की स्वरोजगार योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और उनके प्रकरण तैयार करने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा, अप्रेंटिसशिप योजना के तहत भी 2 आवेदकों का चयन किया गया। इस अवसर पर शासकीय आईटीआई और उद्योग केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी सहभागी कंपनियों और विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। प्रकाश/04 मई 2026