राज्य
04-May-2026
...


-भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापुरुषों को पुष्प अर्पित करने के पश्चात किया पदभार ग्रहण भोपाल(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल की उपस्थिति में सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के नवनियुक्त अध्यक्ष कौशल शर्मा ने पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं के साथ महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात उन्होंने संस्थान पहुंचकर विधि विधान से पूजन-अर्चन कर पदभार ग्रहण किया। महापुरूषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सेवा करने का लिया संकल्प - कौशल शर्मा महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि मैंने पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर सेवा करने का संकल्प लिया है। मैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल का आभार व्यक्त करता हूं कि मुझे कार्य करने का अवसर प्रदान किया। मैं महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान की कार्यप्रणाली को समझकर मध्यप्रदेश के उन्नति के लिए कार्य करूंगा। उन्होंने कहा कि महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान केवल एक शैक्षणिक संस्था नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन का महत्वपूर्ण केंद्र है। संस्था के माध्यम से संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार, शोध, अध्ययन एवं नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ सके। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, विश्वास सारंग, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, मध्यप्रदेश योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, मध्यप्रदेश महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, सांसद श्रीमती माया नारालिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। हरि प्रसाद पाल / 04 मई, 2026