देहरादून (ईएमएस)। डांडीपुर-मन्नूगंज क्षेत्र में पिछले दो वर्षों से नाले को कवर करने का एक महत्वपूर्ण सरकारी कार्य रुके होने से लोगों के घरों में गंदा पानी घुसने से सामान खराब हो गया। आज सुबह मौके पर कांग्रेस नेता व समाजसेवी संजय कन्नौजिया पीड़ित परिवारों से मिले और उनके दुख दर्द को सुना। इस अवसर पर कन्नौजिया ने कहा कि नाले को कवर करने के काम का ठेका एक कंपनी को दिया गया था, जिसे छह महीने के भीतर नाला पूरा कवर करने का काम करना था, लेकिन कंपनी समय पर कार्य पूरा नहीं कर पाई। जब अधिकारियों से बात की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि परियोजना पर बजट अब खत्म हो चुका है। चार महीने पहले नाले की दीवार तोड़ी गई थी, और तब से कोई निर्माण आगे नहीं बढ़ा। उन्होंने कहा कि कल सुबह जब भारी बारिश हुई, तो गंदा पानी घरों में घुस गया, जिससे लोगों के फ्रिज, रसोई और जरूरी राशन तक खराब हो गए। लोगों का जीवन दयनीय हो गया है। घर की सड़क पूरी तरह तबाह है, हर तरफ मलबा पड़ा है, और लोग अपनी जान जोखिम में डालकर एक अस्थाई पुल से नाला पार कर रहे हैं, जिसकी सुरक्षा बेहद कमजोर है। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/04 मई 2026