राज्य
04-May-2026


देहरादून (ईएमएस)। उत्तराखंड में नर्सिंग भर्ती को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच उत्तराखंड नर्सेज सर्विसेज एसोसिएशन ने नर्सिंग एकता मंच की मांगों का समर्थन किया है साथ ही अपना समर्थन दिया है। यहां एसोसिएशन की प्रांतीय अध्यक्ष भारती जुयाल ने इस विषय पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरने पर बैठना अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग कर्मियों का अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतरना पूरे नर्सिंग संवर्ग के लिए उचित स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि बेरोजगार नर्सिंग अधिकारियों की समस्याओं का समाधान समय पर नहीं किया गया है। जुयाल ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह नर्सिंग अभ्यर्थियों की मांगों को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि नर्सिंग अधिकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होते हैं, और उनकी अनदेखी करना राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं के हित में नहीं है। इस अवसर पर अनेक पदाधिकारी शामिल रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/04 मई 2026