राज्य
04-May-2026


देहरादून (ईएमएस)। जनता पाइल्स क्लिनिक के तत्वावधान में जैन धर्मशाला, देहरादून में विशाल निःशुल्क मेडिकल कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस कैंप में 845 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर कैंप के दौरान मरीजों के लिए लगभग रूपए आठ हजार तक के महंगे टेस्ट पूरी तरह निःशुल्क किए गए, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को विशेष राहत मिली। इस अवसर पर डा. अभिनव ने बताया कि इस आयोजन में बवासीर, फिशर एवं भगन्दर जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जांच की गई तथा उन्हें उचित परामर्श प्रदान किया गया। इसके साथ ही, सभी जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं, जिससे इलाज की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाया गया। उन्होंने बताया कि कैंप में डॉक्टरों ने मरीजों को आधुनिक तकनीकों द्वारा उपचार की जानकारी दी और साथ ही सही खान-पान, नियमित दिनचर्या एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस निःशुल्क मेडिकल कैंप की विशेषता यह रही कि इसमें केवल देहरादून ही नहीं, बल्कि बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस दौरान यह आयोजन लोगों के बीच जागरूकता और विश्वास का केंद्र बनकर उभरा। इस अवसर पर जनता पाइल्स क्लिनिक ने अपनी दो नई शाखाओं के शुभारंभ की भी घोषणा की, जिससे अधिक लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकेंगी। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/04 मई 2026