वाशिंगटन (ईएमएस)। दुनिया के सबसे लंबे व्यक्ति सुल्तान कोसेन और उनकी पत्नी मर्वे दीबो का तलाक हो गया है। तलाक के बाद दुखी सुल्तान के अनुसार भाषा की दीवार और संवाद की कमी ही उनके रिश्ते की सबसे बड़ी दुश्मन साबित हुई। 8 फीट 2 इंच लंबे सुल्तान ने 2023 में बड़ी धूमधाम से शादी की थी, जब उनका सपना पूरा हुआ था। सुल्तान कोसेन तुर्की के रहने वाले हैं। उनका जन्म 10 दिसंबर 1982 को हुआ था। बचपन से ही उनकी ऊंचाई असामान्य रूप से बढ़ने लगी थी। पिट्यूटरी ग्लैंड में ट्यूमर की वजह से उन्हें गिगेंटिज्म (अत्यधिक लंबाई) की समस्या थी। बाद में इलाज से उनकी बढ़ती ऊंचाई रुक गई, लेकिन वे दुनिया के सबसे लंबे व्यक्ति बने रहे और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में उनका नाम दर्ज है। अपनी असाधारण लंबाई के कारण उन्हें अक्सर सुर्खियों में रहना पड़ता था, लेकिन व्यक्तिगत जीवन में उन्हें प्यार और शादी के लिए संघर्ष करना पड़ा। शादी से पहले सुल्तान कई बार कह चुके थे कि उनका सबसे बड़ा सपना प्यार करना और शादी करना है। लंबाई की वजह से उन्हें सही जीवनसाथी ढूंढने में काफी दिक्कत हो रही थी। आखिरकार 2023 में उनका सपना पूरा हुआ। उन्होंने सीरिया की रहने वाली मर्वे दीबो से शादी की, जो उनसे करीब 2 फीट 7 इंच छोटी थीं। शादी में 1500 से ज़्यादा मेहमान शामिल हुए थे, जिसमें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। शादी के बाद दोनों ने तुर्की के अपने गाँव में खास तरीके से बनाए गए घर में रहना शुरू किया, जहाँ उन्हें अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करनी थी। लेकिन खुशियां ज़्यादा दिनों तक नहीं टिकीं। कुछ साल बाद दोनों में तनाव बढ़ने लगा और आखिरकार उनका तलाक हो गया। तलाक के बाद सुल्तान ने इंटरव्यू में बताया कि सबसे बड़ी समस्या भाषा की दीवार थी। सुल्तान तुर्की भाषा बोलते हैं, जबकि उनकी पत्नी मर्वे सिर्फ़ अरबी बोलती थीं। दोनों के बीच ठीक से बातचीत न हो पाने के कारण रिश्ते में दरारें पड़ गईं और अंत में तलाक पर सहमति बन गई। सुल्तान ने यह भी बताया कि उनकी असाधारण लंबाई की वजह से भी कई चुनौतियाँ थीं। घरेलू जीवन में रोज़मर्रा की छोटी-छोटी चीजें उनके लिए मुश्किल हो जाती थीं। खासतौर पर घर की साज-सज्जा, बिस्तर, दरवाज़े और फर्नीचर सब कुछ उनकी ऊँचाई के हिसाब से बनवाना पड़ता था, और पत्नी के साथ इन छोटी-छोटी बातों में भी असुविधा होती थी, जो धीरे-धीरे रिश्ते में खटास का कारण बनी। तलाक के बाद सुल्तान काफ़ी दुखी रहे और उन्होंने कहा कि वे अभी भी प्यार और शादी की तलाश में हैं। कुछ समय पहले वे रूस भी गए थे ताकि नई जीवनसाथी ढूंढ सकें, लेकिन अभी तक उन्हें सफलता नहीं मिली है। सुल्तान की जिंदगी संघर्षों से भरी रही है; लंबाई की वजह से उन्हें कई स्वास्थ्य समस्याएं जैसे चलने-फिरने में दिक्कत और जोड़ों का दर्द भी झेलना पड़ा है। फिर भी वे हार नहीं मानते। सुदामा/ईएमएस 05 मई 2026