- अमेरिकी निवेश फर्म कैपिटल ग्रुप ने किया बड़ा निवेश नई दिल्ली (ईएमएस)। अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एपीएसईजेड) में एक महत्वपूर्ण लेनदेन देखा गया, जब प्रवर्तक समूह की एक इकाई ने कंपनी में अपनी लगभग दो प्रतिशत (1.99 फीसदी) हिस्सेदारी 7,486 करोड़ रुपये में बेच दी। इस बड़ी ब्लॉक डील के तहत, अमेरिका स्थित प्रमुख निवेश फर्म कैपिटल ग्रुप ने ये शेयर खरीदे। बीएसई पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अदाणी पोर्ट्स की प्रवर्तक समूह की इकाई वर्ल्डवाइड इमर्जिंग मार्केट होल्डिंग लिमिटेड ने तीन चरणों में कुल 4,58,58,705 शेयर बेचे। इस बिक्री के बाद, वर्ल्डवाइड इमर्जिंग मार्केट होल्डिंग लिमिटेड की कंपनी में हिस्सेदारी 3.74 फीसदी से घटकर 1.75 फीसदी रह गई। वहीं, अदाणी प्रवर्तक समूह की कुल हिस्सेदारी भी 68.०२ फीसदी से घटकर 66.03 फीसदी हो गई। वित्तीय सेवा कंपनी कैपिटल ग्रुप ने अपने यूरोपैसिफिक ग्रोथ फंड, कैपिटल इनकम बिल्डर और कैपिटल ग्रुप इंटरनेशनल ऑल कंट्रीज इक्विटी ट्रस्ट (यूएस) जैसे विभिन्न फंडों के ज़रिए समान संख्या में शेयर उसी कीमत पर खरीदे हैं। इस बड़े लेनदेन के बाद मंगलवार को कंपनी के शेयर मूल्य में गिरावट देखने को मिली। सतीश मोरे/05मई ---