कांकेर(ईएमएस)। जिले के दुर्गूकोंदल ब्लॉक अंतर्गत कई गांवों में नल-जल योजना अधूरी रहने से पेयजल संकट गंभीर होता जा रहा है। महेंद्रपुर उइकेपारा और भंडारडिग्गी गांव के लोग भीषण गर्मी में पानी के लिए परेशान हैं। महेंद्रपुर उइकेपारा में पाइपलाइन बिछाने का काम दो साल पहले पूरा कर लिया गया था, लेकिन अब तक न तो बोर खनन हुआ और न ही पानी टंकी का निर्माण शुरू हो पाया है। इसके चलते ग्रामीणों को 40 डिग्री से अधिक तापमान में दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। इसी तरह भंडारडिग्गी में करीब एक हजार की आबादी पिछले एक साल से पेयजल संकट से जूझ रही है। यहां टंकी निर्माण, बोर खनन और पाइपलाइन का काम शुरू तो हुआ, लेकिन अधूरा छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि योजना शुरू होने पर घर-घर पानी मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार पंचायत और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जानकारी दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ठेकेदार से संपर्क करने पर भी कोई जवाब नहीं मिलता। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नल-जल योजना के अधूरे कार्य जल्द पूरे किए जाएं और बोर खनन तथा पानी टंकी निर्माण तुरंत शुरू किया जाए, ताकि गांवों में पेयजल संकट दूर हो सके। ईएमएस(राकेश गुप्ता)05 मई 2026