-तीन दिवसीय दौरे पर राष्ट्रपति तो लाम महाबोधि मंदिर पहुंचे, कल जाएंगे दिल्ली गया,(ईएमएस)। वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर आएं हैं। उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत बोधगया से की है। जहां एयरपोर्ट पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनका स्वागत किया। जिसके बाद राष्ट्रपति तो लाम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच महाबोधि मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर के सचिव डॉ महाश्वेता महारथी ने उन्हें पवित्र खादा पहनाकर स्वागत किया। राष्ट्रपति के साथ बिहार के मुख्यमंत्री ने भी भगवान बुद्ध को नमन किया। दोनों वियतनाम मठ (मोनास्ट्री) भी जाएंगे। तो लाम के दौरे के चलते गया में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कल (6 मई) को सुबह 9 बजे उनका औपचारिक स्वागत राष्ट्रपति भवन में किया जाएगा। इसके बाद वह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। 11:30 बजे हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बैठक होगी। इसके बाद समझौतों पर साइन किए जाएंगे। इसके अलावा भी दिल्ली में उनके कई कार्यक्रम होंगे। दौरे के अंतिम चरण यानी 7 मई को राष्ट्रपति लाम मुंबई पहुंचेंगे। वहां वह भारतीय राष्ट्रीय स्टॉक एक्सचेंज का दौरा करेंगे और एक बिजनेस फोरम में शिरकत कर भारतीय उद्यमियों को वियतनाम में निवेश के अवसरों के बारे में जानकारी देंगे। मुंबई प्रवास के दौरान वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और राज्यपाल से भी मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा इसलिए भी विशेष है क्योंकि दोनों देश 2016 में स्थापित हुई व्यापक रणनीतिक साझेदारी के सफल क्रियान्वयन को आगे बढ़ा रहे हैं। भारत और वियतनाम के बीच सभ्यतागत संबंध सदियों पुराने हैं, जो हाल के वर्षों में रक्षा और आर्थिक क्षेत्रों में और अधिक गहरे हुए हैं। 7 मई की रात को अपनी तीन दिवसीय यात्रा संपन्न कर राष्ट्रपति तो लाम स्वदेश वापस लौटेंगे। इस यात्रा से न केवल द्विपक्षीय सहयोग के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है, बल्कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता के लिए दोनों देशों की साझेदारी को भी बल मिलेगा। वीरेंद्र/ईएमएस/05मई 2026