ओवरटेक के दौरान स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर टकराई नूंह,(ईएमएस)। हरियाणा के कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे (केएमपी एक्सप्रेस-वे) पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस के पांच जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा धुलावट टोल प्लाजा के पास करीब सुबह 10 बजे हुआ, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक स्कॉर्पियो कार पलवल की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने चल रही दूसरी गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में शव बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। एंबुलेंस की मदद से शवों को बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक सभी उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान थे, जो जालौन जिले में तैनात थे। तावड़ू सदर थाना प्रभारी शीशराम ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और इस संबंध में जालौन के पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया गया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और रास्ता साफ कराया। हिदायत/ईएमएस 05मई26