05-May-2026
...


आग बुझाने में 25 दमकल गाड़ियां और 100 से ज्यादा टैंकर पानी लगा जबलपुर,(ईएमएस)। कटंगी बायपास स्थित लॉजिस्टिक पार्क में देर रात लगी भीषण आग से इलाके में हड़कंप मचा गया। आग की लपटें करीब तीन किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। गोदामों में रखे खाद्य तेल, चावल, दाल और अन्य एफएमसीजी सामान ने आग को और भड़का दिया, जिससे देखते ही देखते तीन बड़े वेयरहाउस इसकी चपेट में आ गए। इस घटना में करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग की सूचना मिलते ही प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। आग पर काबू पाने के लिए चार थानों की पुलिस, 25 से ज्यादा दमकल वाहन और 100 से ज्यादा पानी के टैंकर लगाए गए। घंटों की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। इस घटना ने न केवल औद्योगिक सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि लॉजिस्टिक हब में सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जरूरत भी उजागर कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक रात करीब 10:30 बजे आग लगने की सूचना मिली। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। एक छोटी चिंगारी ने पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को घेर लिया, ताकि कोई जनहानि न हो। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। गोदाम में बड़ी मात्रा में खाद्य तेल, चावल, दाल और अन्य किराना सामान रखा था। तेल की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैली और आसपास के तीन गोदाम भी इसकी चपेट में आ गए। पार्सल के लिए रखा सामान भी पूरी तरह जल गया। इस लॉजिस्टिक पार्क में कई कंपनियों का सामान रखा था। आग में इन कंपनियों के पार्सल और स्टॉक को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि सटीक नुकसान का आंकलन अभी नहीं लगाया जा सका है। नगर निगम के साथ रक्षा संस्थानों की टीम भी मौके पर पहुंची। करीब 4 से 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सिराज/ईएमएस 05मई26