- 130 से ज्यादा हाथियों का मूवमेंट, किसानों की फसल बर्बाद रायगढ़(ईएमएस)। जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में 130 से अधिक हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। वन विभाग के अनुसार, धरमजयगढ़ वन मंडल में 94 और रायगढ़ वन मंडल में 38 हाथियों का मूवमेंट लगातार बना हुआ है। रविवार रात हाथियों के झुंड ने कई गांवों में किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। धरमजयगढ़ रेंज के आमगांव में हाथियों ने 5 किसानों की धान की फसल को रौंद दिया। वहीं दर्रीडीह और ओंगना में 3 किसानों, क्रोंधा में 1 किसान, छाल रेंज के लामीखार में 1 किसान की मक्का फसल, हाटी तेंदुमुडी में 3 किसानों और बोरो रेंज के कुमा में 2 किसानों की धान की फसल को नुकसान हुआ। रात में हाथियों के आने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने उन्हें खदेड़ने की कोशिश की, लेकिन हाथियों का झुंड खेतों में डटा रहा और सुबह होने से पहले जंगल की ओर लौट गया। सुबह वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से किसानों में चिंता बढ़ गई है और उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम व उचित मुआवजे की मांग की है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 मई 2026