फोन कॉल हुआ सोशल मीडिया पर वायरल -सुवेंदु की जीत और चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बीच भवानीपुर सीट को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने अपनी हार के बाद सनसनीखेज आरोप लगाते हुए दावा किया है कि मतगणना के दौरान “गुंडे गिनती केंद्र में घुस आए और उन्हें शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।” सोशल मीडिया पर वायरल एक फोन कॉल, जिसे पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी ने साझा किया है, में ममता बनर्जी को चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए सुना जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतगणना के 16वें राउंड तक वह आगे थीं, लेकिन अंतिम चरणों में हालात बदल गए। फोन कॉल में उन्होंने कहा कि कुछ “गुंडे” मतगणना केंद्र में घुस आए, अधिकारियों और एजेंटों को धमकाया गया और उनके पार्टी एजेंटों को बाहर निकाल दिया गया। उन्होंने चुनाव आयोग, सीआरपीएफ और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों पर भी निष्पक्षता न बरतने के आरोप लगाए। सीएम ममता बनर्जी ने दावा किया कि अंतिम राउंड में उनकी पार्टी का कोई प्रतिनिधि गिनती हॉल के अंदर मौजूद नहीं था और ईवीएम मशीनों को बिना ठीक से सील किए स्ट्रॉन्ग रूम में ले जाया गया। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को “अत्याचार” और “अनैतिक खेल” बताते हुए कहा कि इसके खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी। दरअसल प्रारंभिक मतगणना के समय से पीछे चल रहे सुवेंदु अधिकारी ने अंतिम दौर की गिनती में 15,105 वोटों से जीत दर्ज की। भवानीपुर, जिसे लंबे समय से ममता बनर्जी का गढ़ माना जाता था, वहां यह हार राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हिदायत/ईएमएस 05मई26