कांग्रेस नेताओं से बोले— छोटी राजनीति छोड़ें, लोकतंत्र के बड़े खतरे को समझें नई दिल्ली,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस के भीतर उभरे मतभेदों पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी ही पार्टी के नेताओं को कड़ी नसीहत दे दी है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (तृणमूल कांग्रेस) की हार पर खुशी जताने वाले नेताओं की आलोचना करते हुए इसे “छोटी राजनीति” करार दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा, कि कुछ कांग्रेसी और अन्य विपक्षी दल टीएमसी की हार पर जश्न मना रहे हैं, जबकि उन्हें व्यापक राजनीतिक परिदृश्य को समझने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र को कमजोर करने की दिशा में काम कर रही है और असम व बंगाल के जनादेश की “चोरी” इसी का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट कहा, यह किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि पूरे देश का मामला है। छोटी राजनीति को दरकिनार कर हमें लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होना चाहिए। यह बयान ऐसे समय में आया है, जबकि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी पश्चिम बंगाल में सत्ता से बाहर होने जा रही है। राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा में घोषित 293 सीटों के नतीजों के अनुसार, भाजपा ने 206 सीटों पर जीत दर्ज कर दो-तिहाई बहुमत से अधिक सीटें हासिल कर ली हैं, जबकि टीएमसी 81 सीटों तक सिमट गई। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस को राज्य में केवल 2 सीटें मिलीं, जबकि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) को 1 सीट पर संतोष करना पड़ा। अन्य दलों में एआईएसएफ और आम जनता उन्नयन पार्टी को भी सीमित सफलता मिली। हिदायत/ईएमएस 05मई26