गढ़वा (ईएमएस)।चिनिया थाना पुलिस ने दुष्कर्म और यौन शोषण के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।गिरफ्तार आरोपियों में चिनिया के अनारीदह टोला निवासी अनूप कुमार कोरवा (28 वर्ष) और नगरउंटारी के चचेरिया निवासी शक्ति कुमार विश्वकर्मा (25 वर्ष) शामिल हैं. पुलिस ने यह कार्रवाई चिनिया थाना कांड संख्या 15/2026 के तहत की है.थाना प्रभारी बिकू कुमार रजक ने बताया कि पीड़िता के अनुसार, मुख्य आरोपी अनूप कोरवा ने शादी का झांसा देकर पिछले तीन वर्षों से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया था।इस दौरान वह पीड़िता को तेलंगाना ले गया, जहां करीब दो महीने तक साथ रखा। पीड़िता के गर्भवती होने पर आरोपी ने उसे दवा खिलाकर जबरन गर्भपात करा दिया।बाद में जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो अनूप मुकर गया।जांच में पता चला है कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं।घटना के संबंध में बताया गया कि बीते 2 मई को पीड़िता बस से अंबिकापुर से गढ़वा जा रही थी।शाम करीब 6 बजे जब वह चिनिया बस स्टैंड पर नाश्ता करने उतरी, तभी अनूप और उसके साथी शक्ति विश्वकर्मा ने उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठा लिया।आरोपी उसे चिरका जंगल डैम क्षेत्र ले गए, जहां जान से मारने और डैम में फेंकने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।अगले दिन आरोपियों ने पीड़िता को धमकाते हुए रंका जाने वाले वाहन में बैठा दिया और किसी को कुछ भी न बताने की चेतावनी दी।हालांकि, पीड़िता ने साहस दिखाते हुए चिनिया थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया और 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।पुलिस अब मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है। - 05मई/26