धनबाद (ईएमएस)। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के आह्वान पर मंगलवार को धनबाद मंडल के विभिन्न क्रू लॉबी में लोको पायलट एवं सहायक लोको पायलटों ने रेल प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।इसी क्रम में पतरातू क्रू लॉबी में भी सैकड़ों की संख्या में रनिंग स्टाफ एकत्रित हुए और प्रशासन के रवैये के विरोध में नारेबाजी की।प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा छुट्टी (लीव) नियम में किए गए बदलाव को लेकर था।कर्मचारियों का कहना है कि पहले ऑफ लीव के बाद सुबह 6 बजे के बाद ही ड्यूटी के लिए बुलाने का प्रावधान था, लेकिन अब इसे बदलकर रात 12 बजे के बाद ड्यूटी पर बुलाने का आदेश जारी किया गया है, जो नियमों के विपरीत है.कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष मनोविनोद ने की।इस दौरान ईसीआरईयू के महासचिव मृत्युंजय कुमार ने कहा कि पिछले चार महीनों से लोको रनिंग स्टाफ ने रेलवे प्रशासन के हर निर्देश का पालन किया, बावजूद इसके अब नियम विरुद्ध आदेशों को स्थायी रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो कर्मचारी वर्क टू रूल आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिससे माल ढुलाई प्रभावित हो सकती है।प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों में प्रमुख रूप से छुट्टी नियम को पूर्ववत लागू करने, 9 घंटे से अधिक ड्यूटी नहीं लेने, रिक्त पदों पर जल्द बहाली, अनावश्यक दंडात्मक कार्रवाई बंद करने तथा रनिंग स्टाफ के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की।कार्यक्रम के अंत में शाखा संयुक्त सचिव सोनू कुमार समेत अन्य सदस्यों ने मंडल रेल प्रबंधक के नाम ज्ञापन मुख्य क्रू नियंत्रक आनंद महेश टोप्पो को सौंपा।मौके पर बड़ी संख्या में लोको रनिंग स्टाफ उपस्थित थे। - 05 मई 26