- शिक्षिका के साथ इंस्टाग्राम से धोखाधड़ी जबलपुर (ईएमएस)। तिलवारा थाना क्षेत्र में एक शिक्षिका के साथ इंस्टाग्राम के जरिए लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अवनी विहार तिलवारा निवासी 31 वर्षीय शिक्षिका सुश्री श्रुति सेन की इंस्टाग्राम आईडी पर गत 16 फरवरी को रविएंडशर्माएंडयूकेएंडलंदन नाम की आईडी से मैसेज आया। आरोपी ने खुद को उनका पुराना छात्र बताते हुए कहा कि वह दिल्ली का रहने वाला है और वर्तमान में यूके में रह रहा है। आरोपी ने शिक्षिका को गोल्ड और डायमंड ज्वेलरी सेट गिफ्ट करने की बात कही। मना करने के बावजूद उसने पार्सल भेजने का झांसा दिया और यूके से आने वाले पार्सल का टैक्स भरने के नाम पर 20 फरवरी को 10 हजार 200 रुपये जमा करवाए। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग यूपीआई आईडी देकर कई बार पैसे ट्रांसफर कराए। करीब 15 दिन तक पार्सल नहीं पहुंचने पर जब पीड़िता ने आरोपी से संपर्क किया, तो उसने पूरा भुगतान करने के बाद ही पार्सल देने की बात कही। इस तरह आरोपी ने शिक्षिका से कुल 4 लाख 04 हजार 500 रुपये ठग लिए, जो उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया मेडिकल कॉलेज शाखा के खाते से ट्रांसफर कराए गए। पुलिस ने अज्ञात जालसाल के खिलाफ रिपोर्ट पर धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। सुनील साहू / मोनिका / 05 मई 2026/ 05.39