राज्य
05-May-2026
...


उल्हासनगर, (ईएमएस)। विठ्ठलवाडी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में किडनी ट्रांसप्लांट के नाम पर एक महिला से लाखों रूपये की ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक 32 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि एक डॉक्टर समेत सात लोगों ने उसके पति के इलाज के बहाने उससे लाखों रुपये ऐंठ लिए। मिली जानकारी के अनुसार कल्याण पूर्व के चिंचपाड़ा गांव में रहने वाली दीपाली आनंद चव्हाण (32) ने पश्चिम बंगाल के कोलकता के रहने वाले मौसमी जयदेव बिसवास (36), जयदेव बिसवास (36), अभिषेक मन्ना (30), सुमनता पांडे (50), मुंबई निवासी इक़बाल अहमद मोहम्मद सिद्दिकी जहांगीर खान (59), भिवंडी निवासी मोहमद शोयब मोहमद अब्बास अंसारी (42) तथा चिंचपाड़ा निवासी डॉक्टर गौरव धर्मा नायर (40) के खिलाफ विठ्ठलवाडी पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई है। अपनी शिकायत में उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने आपस में साजिश रचकर उसके पति को किडनी ट्रांसप्लांट कराने के लिए तैयार किया। इलाज और ऑपरेशन का भरोसा दिलाकर आरोपियों ने समय-समय पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल लगभग 32.67 लाख रूपये की रकम ले ली। महिला का आरोप है कि पैसे लेने के बावजूद न तो सही इलाज किया गया और न ही किडनी ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद जब उन्हें धोखाधड़ी का एहसास हुआ, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संबंधित आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की जाँच पुलिस उपनिरीक्षक वाय.एन.जाधव कर रहे हैं। - ०५ मई/२०२६/ईएमएस