राज्य
05-May-2026


सीएमएचओ ने चिंता जताई, संबंधित विभागों को भेजी शिकायत जबलपुर (ईएमएस)। जिला चिकित्सालय विक्टोरिया अस्पताल की बेशकीमती शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा बढ़ता ही जा रहा है, इस पर अस्पताल प्रबंधन द्वारा संबंधित विभागों को पत्र लिखे गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई| जिम्मेदार विभागों की निष्क्रियता के कारण अस्पताल की जमीन पर अतिक्रमण का दायरा बढ़ता ही जा रहा है| दरअसल हितकारिणी स्कूल के सामने से गुरंदी तक अस्पताल का एरिया है| अस्पताल प्रशासन के अनुसार लगभग 10 एकड़ के क्षेत्रफल में अस्पताल के कई भवन बने है| लेकिन काफी बड़ा हिस्सा खाली पड़ा है| गुरंदी साईड में धीरे-धीरे अतिक्रमण होते जा रहे है। अस्पताल के खाली पड़े हिस्से पर कुछ लोग कब्जा करके निर्माण कार्य कर रहे हैं। प्रशासन को दी गई जानकारी के मुताबिक वार्ड क्रमांक 5 और 6 के पीछे, धोबी घाट के पास और गुरुद्वारे के समीप की सरकारी जमीन पर यह अतिक्रमण हो रहा है। इस संबंध में अधिकारियों को फोटो और दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए हैं। कई बार भेजी गई शिकायत ........... लगातार हो रहे अतिक्रमण के संबंध में अस्पताल प्रबंधन द्वारा कलेक्टर, एसपी और निगमायुक्त को इस संबंध में शिकायत की| उसके बाद रिमाइंडर पत्र भी भेजे गए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई| ​अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि अतिक्रमणकारी अस्पताल की बाउंड्रीवॉल के बेहद करीब तक पहुंच चुके हैं। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में अस्पताल की जमीन और कम हो सकती है। इससे पहले 6 दिसंबर 2024 को भी पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बाद 28 अप्रैल को ताजा रिमाइंडर भेजा गया है, जिसकी एक प्रति प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट अरुण गोयल को भी भेजी गई है। सीएमएचओ ने जताई गहरी चिंता.......... विक्टोरिया अस्पताल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर नवीन कोठारी ने अवैध कब्जे पर चिंता जताते हुए कहा कि अस्पताल के हिस्से में हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित विभागों से पत्राचार किया गया है। उन्होंने इस बात पर चिंता व्यक्त की है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो अस्पताल के बहुत बड़े परिसर में अतिक्रमण हो सकता है| बाद में विवाद और परेशानी का कारण बनेगा। सुनील साहू / मोनिका / 05 मई 2026/ 06.34