• 05 मई 2026 को विश्व हाथ स्वच्छता दिवस “जीवन बचाएं: अपने हाथ साफ रखें” थीम के साथ मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को हाथों की स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। • दिनभर में विभिन्न सतहों को छूने से हाथों पर कीटाणु लग जाते हैं, जो शरीर में प्रवेश कर संक्रमण और बीमारियों का कारण बन सकते हैं। • सही समय पर हाथ धोना एक सरल लेकिन प्रभावी आदत है, जो कई प्रकार की बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। • भोजन बनाने से पहले, बीमार व्यक्ति की देखभाल से पहले, शौचालय के उपयोग के बाद और गंदी सतहों को छूने के बाद हाथ धोना आवश्यक है। भोपाल (ईएमएस)। एम्स भोपाल स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में लगातार जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है। इसी क्रम में 05 मई 2026 को विश्व हाथ स्वच्छता दिवस “जीवन बचाएं: अपने हाथ साफ रखें” थीम के साथ मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को हाथों की स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करना और उन्हें नियमित रूप से हाथ साफ रखने के लिए प्रेरित करना है। दिनभर में हमारे हाथ कई जगहों और वस्तुओं को छूते हैं, जिससे उन पर कीटाणु लग जाते हैं। यही कीटाणु हमारे शरीर में प्रवेश कर संक्रमण का कारण बन सकते हैं। ऐसे में सही समय पर हाथ धोना बेहद आवश्यक है। यह एक सरल आदत है, लेकिन इसके माध्यम से कई प्रकार की बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। दैनिक जीवन में कुछ महत्वपूर्ण समय ऐसे होते हैं जब हाथों को अवश्य धोना चाहिए। भोजन तैयार करने से पहले, घाव का उपचार करने से पहले, किसी बीमार व्यक्ति की देखभाल से पहले तथा कॉन्टैक्ट लेंस लगाने या निकालने से पहले हाथों को अच्छी तरह साफ करना चाहिए। इसके अलावा शौचालय के उपयोग के बाद, पशुओं, उनके आहार या मल को छूने के बाद, और सार्वजनिक परिवहन या दरवाजों के हैंडल जैसी गंदी सतहों को छूने के बाद भी हाथ धोना आवश्यक है। एम्स भोपाल नागरिकों से अपील करता है कि वे इस सरल लेकिन प्रभावी आदत को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। हाथों की स्वच्छता न केवल व्यक्ति को बल्कि उसके परिवार और आसपास के लोगों को भी सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ईएमएस/05 मई2026