अलीगढ़ (ईएमएस)। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत सोमवार को विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में खरीफ 2025 एवं रबी 2025-26 मौसम के दौरान फसल क्षति से प्रभावित किसानों को राहत राशि वितरित की गई। कार्यक्रम में जनपद के 464 कृषकों को कुल 2 करोड़ 45 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति राशि हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम के दौरान सर्वाधिक क्षतिपूर्ति प्राप्त करने वाले पांच किसानों को कोल विधायक श्री अनिल पाराशर द्वारा चेक प्रदान किए गए। इनमें दिनेश कुमार को 2,22,651, चोखे सिंह को 1,70,082, हरवीर सिंह को 1,58,914, विश्व प्रताप सिंह को 1,50,921 और निरंजन सिंह को 48,062 रुपए की क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त अन्य पात्र कृषकों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर कोल विधायक अनिल पाराशर ने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की कृषि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड की संस्तुतियों के अनुरूप उर्वरक एवं रसायनों का संतुलित प्रयोग करने, सहफसली खेती अपनाने और आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में संयुक्त कृषि निदेशक अलीगढ़ मंडल श्रवण कुमार, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण भाल चंद्र त्रिपाठी, उप कृषि निदेशक कृषि रक्षा डॉ. सतीश मलिक, उप कृषि निदेशक चैधरी अरुण कुमार, जिला कृषि अधिकारी धीरेन्द्र सिंह चैधरी, अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक अशोक कुमार सोनी, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. दिव्या मौर्य सहित विभिन्न विकास खंडों से आए किसान, फसल बीमा प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएसधर्मेन्द्र राघव/ 05 मई 2026