- ग्लोबल वेलनेस डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होगा शहर, आयुर्वेद-होम्योपैथी और आधुनिक चिकित्सा का सजेगा अनूठा संगम :: इंदौर (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश में पांच विशेष रीजनल मेडिकल हब स्थापित करने की महत्वाकांक्षी योजना को मूर्त रूप देने के लिए इंदौर ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इंदौर को एक वैश्विक वेलनेस डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए शुक्रवार को संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस उच्च स्तरीय बैठक में चिकित्सा विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के स्टेकहोल्डर्स ने सहभागिता की, जहाँ संभागायुक्त ने स्पष्ट किया कि इंदौर की विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों को बढ़ावा देकर हम उन सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जो वर्तमान में अन्य शहर उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। बैठक के दौरान संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने भविष्य की रणनीति साझा करते हुए बताया कि इस प्रोजेक्ट को क्वालिटी ऑफ केयर एंड क्रेडिबिलिटी के साथ धरातल पर उतारा जाएगा। योजना के प्रथम चरण में प्रमुख अस्पतालों द्वारा प्रदान किए जा रहे उपचारों और उनके पैकेजों की विस्तृत सूची तैयार की जाएगी, जिससे वैश्विक स्तर पर मरीजों को आकर्षित किया जा सके। इसके लिए एक केंद्रीकृत पोर्टल का निर्माण होगा और सभी सेवाओं के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तय की जाएगी। साथ ही, इंश्योरेंस पोर्टेबिलिटी और हेल्थ केयर इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार पर भी बल दिया गया है। इंदौर में आधुनिक चिकित्सा के साथ-साथ आयुर्वेद और होम्योपैथी का कॉम्बो सेटअप भी तैयार किया जाएगा, जिससे यह केंद्र समग्र स्वास्थ्य का पर्याय बन सके। इंदौर की भौगोलिक और आध्यात्मिक महत्ता को रेखांकित करते हुए संभागायुक्त ने कहा कि इंदौर-उज्जैन कॉरिडोर इस मेडिकल हब के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है। एक ओर महाकालेश्वर और दूसरी ओर ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग की उपस्थिति के कारण यहाँ देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, जिन्हें विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जा सकता है। इंदौर की बेहतर हवाई व रेल कनेक्टिविटी, आधुनिक एयर एंबुलेंस की सुविधा, प्रतिष्ठित अस्पताल समूह और आसपास के पर्यटन केंद्र इसे मेडिकल टूरिज्म इंडेक्स में शीर्ष पर लाने में सहायक सिद्ध होंगे। बैठक में एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक हिमांशु प्रजापति, सीएमएचओ डॉ. माधव प्रसाद हासानी और एसोसिएशन ऑफ टूरिज्म के चेयरमैन हेमेन्द्र सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व विशेषज्ञ मौजूद रहे। प्रकाश/08 मई 2026