05-May-2026
...


4 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा जब्त, 02 आरोपी गिरफ्तार 45 लाख 57 हजार रूपए से अधिक की संपत्ति जब्त भोपाल (ईएमएस) Iमध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार कार्यवाहियां की जा रही हैं। इसी कार्यवाही के दौरान आगर मालवा जिले की बड़ौद पुलिस ने 4 क्विंटल से अधिक का अवैध डोडाचूरा एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन सहित लगभग 45 लाख 57 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की है। साथ ही 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 04 मई को थाना बड़ौद पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि डग-बड़ौद मार्ग पर एक ट्रक में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा को ग्लूकोज कार्टूनों के बीच छिपाकर परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित एवं योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने खंदवास जोड़, ग्राम बंदवास क्षेत्र में घेराबंदी कर उक्त वाहन को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में रखे ग्लूकोज कार्टूनों के बीच छिपाकर रखी गई 20 प्लास्टिक बोरियों से कुल 4 क्विंटल 3 किलो 353 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्‍त किया गया। मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से डोडाचूरा, परिवहन में प्रयुक्त ट्रक एवं अन्य सामग्री सहित लगभग 45 लाख 57 हजार रुपए से अधिक की संपत्ति जप्त की है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर उज्जैन निवासी सह-आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है तथा मादक पदार्थ के स्रोत एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी है तथा इस प्रकार के अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।