05-May-2026
...


:: बाल श्रम पर प्रहार : द्वारकापुरी क्षेत्र में संयुक्त टीम ने दी दबिश, बालक को भेजा गया आश्रय गृह :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में बचपन को मजदूरी की भट्टी में झोंकने वालों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के दल ने द्वारकापुरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक गैराज से 13 वर्षीय बालक को बालश्रम से मुक्त कराया। मामले में नियोजक (गैराज संचालक) के विरुद्ध श्रम कानून की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी रजनीश सिन्हा के निर्देश पर गठित संयुक्त दल ने क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान टीम ने देखा कि एक गैराज पर मासूम बालक वाहनों के सुधार कार्य में लगा हुआ है। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे अपनी अभिरक्षा में लिया। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र पंड्या के आदेशानुसार, बालक को सुरक्षित वातावरण और पुनर्वास के लिए लोक बिरादरी ट्रस्ट अरमान संस्था में प्रवेश दिलाया गया है। इस संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन में महिला एवं बाल विकास विभाग के आशीष गोस्वामी, श्रम विभाग के प्रवेश गुप्ता, चाइल्ड लाइन के फूलसिंह कारपेंटर और आस संस्था के राहुल गोठाने सहित द्वारकापुरी थाने का पुलिस बल शामिल था। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम कराना दंडनीय अपराध है और ऐसे संस्थानों के खिलाफ आने वाले दिनों में और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।