क्षेत्रीय
05-May-2026
...


पीएम राहत राहवीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय भोपाल (ईएमएस) । कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस एवं समयबद्ध कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में निर्देश दिए गए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हित सभी ब्लैक स्पॉट का संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण कर त्वरित सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शॉर्ट टर्म कार्य—जैसे रोड मार्किंग, साइनेज, स्पीड ब्रेकर, ज़ेब्रा क्रॉसिंग पेंटिंग, स्पीड कंट्रोलर एवं दृश्यता बढ़ाने जैसे उपाय—एक माह के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं में तत्काल कमी लाई जा सके। साथ ही दीर्घकालिक सुधारात्मक कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस एवं अन्य निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा समिति की संयुक्त टीम द्वारा नियमित मैदानी निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर शॉर्ट टर्म कार्य एक माह में अनिवार्य रूप से पूरे हों। बैठक में प्रधानमंत्री राहत राहवीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना के “गोल्डन ऑवर” (पहले एक घंटे) में घायलों को निशुल्क एवं त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए, इसके लिए सभी संबंधित विभाग संवेदनशील एवं सक्रिय भूमिका निभाएं। इसके अतिरिक्त, स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के माध्यम से बिना हेलमेट वाहन चलाने, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग करने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्रीमती मोनिका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक (देहात) पंकज कुमार पांडेय, एडीएम प्रकाश नायक, एमपीआरडीसी, एनएचएआई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।