क्षेत्रीय
05-May-2026
...


:: राऊ में 3000 किलो चिप्स-लच्छा मिला, शहर की आइसक्रीम और तेल फैक्ट्रियों से भी लिए नमूने :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने और अवैध रूप से चल रहे कारोबार पर लगाम कसने के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। राऊ क्षेत्र में बिना वैध पंजीयन के संचालित एक इकाई को प्रशासन ने बंद करा दिया, वहीं शहर की अन्य विनिर्माण इकाइयों से नमूनों का संग्रह किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने रमापति विहार (राऊ) स्थित नीलकंठ गृह उद्योग पर दबिश दी। यहाँ भारी मात्रा में मानव उपभोग के लिए करीब 3000 किलोग्राम कच्चे आलू चिप्स और लच्छा भंडारित पाया गया। पूछताछ में सामने आया कि यह सामग्री सुतारखेड़ी (महू) स्थित फैक्ट्री में तैयार कर यहाँ लाई जाती है। जांच के दौरान प्रोपराइटर संतोष अग्रवाल फर्म का कोई भी वैध खाद्य पंजीयन (लाइसेंस) पेश नहीं कर सकीं। प्रशासन ने मौके से 5 नमूने लिए और वैध पंजीयन प्राप्त होने तक परिसर में कामकाज पूरी तरह बंद करा दिया। शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत टीम ने लक्ष्मीबाई नगर स्थित श्री लक्ष्मी प्रोडक्ट का निरीक्षण किया, जहाँ व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। यहाँ से फ्रोजन डेजर्ट के 3 नमूने लिए गए। इसी प्रकार कैट रोड स्थित श्री बालाजी आइसक्रीम पर कार्रवाई करते हुए मटका कुल्फी, चोकोबार और कैंडी के 4 नमूने लिए गए। दल ने पालदा स्थित गणेश ऑयल इंडिया से भी सोयाबीन तेल के 2 नमूने एकत्र किए। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य मानकों और लाइसेंस नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों पर सख्त कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।