बोगोटा (ईएमएस)। दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक कोयला खदान में हुए भीषण विस्फोट में नौ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। यह हादसा राजधानी बोगोटा से करीब अस्सी किलोमीटर दूर स्थित सुटाताउसा क्षेत्र की एक कोयला खदान में हुआ। हादसे के समय खदान के भीतर कुल पंद्रह मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट इतना तेज था कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक तीन मजदूर किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि बचाव दल ने कठिन अभियान चलाकर अन्य जीवित मजदूरों को बाहर निकाला। हालांकि नौ मजदूरों को बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक जांच में खदान के भीतर ज्वलनशील गैस के अत्यधिक जमाव को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ सप्ताह पहले निरीक्षण के दौरान खदान के कुछ हिस्सों को बंद करने की सलाह भी दी गई थी, क्योंकि वहां गैस जमा होने का खतरा था। खनन एजेंसियों ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इस हादसे के बाद एक बार फिर कोलंबिया में खदानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि बीते वर्षों में भी इस क्षेत्र में कई बड़े खनन हादसे सामने आ चुके हैं। सुबोध/०५-०५-२०२६