06-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री अदा शर्मा का मानना है कि एक कलाकार के रूप में सबसे बड़ी उपलब्धि यह होती है कि दर्शक उनके किरदारों और संवादों को लंबे समय तक याद रखें। अदा शर्मा ने कहा कि उनके लिए दर्शकों के दिलों पर छोड़ा गया प्रभाव किसी भी कमाई या रिकॉर्ड से ज्यादा महत्वपूर्ण है। अभिनेत्री ने सफलता को लेकर अपनी सोच साझा करते हुए कहा है कि उनके लिए सफलता केवल बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों या समीक्षकों की तारीफ तक सीमित नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि वह अपने करियर में सफलता को किस तरह मापती हैं, तो उन्होंने बेहद दिलचस्प अंदाज में जवाब दिया। अदा शर्मा ने कहा कि बॉक्स ऑफिस उस शोर मचाने वाले दोस्त की तरह होता है, जो जोर-जोर से बताता है कि फिल्म ने कितनी कमाई की। उन्होंने अपनी चर्चित फिल्म द केरल स्टोरी का उदाहरण देते हुए कहा कि जब कोई फिल्म 375 करोड़ रुपये जैसी बड़ी कमाई करती है, तो निश्चित रूप से वह खुशी और गर्व का विषय होता है। हालांकि उनके अनुसार समीक्षकों की सराहना उस समझदार मित्र की तरह होती है, जो ज्यादा बातें नहीं करता, लेकिन जब तारीफ करता है तो उसका अलग महत्व होता है। अदा शर्मा ने कहा कि आंकड़े और लोगों की राय समय के साथ बदलती रहती हैं, लेकिन एक कलाकार के लिए सबसे खास बात यह होती है कि दर्शक उसके अभिनय को कितनी गहराई से महसूस करते हैं। उन्होंने बताया कि लोग आज भी उनकी फिल्मों और किरदारों को याद करते हैं, जो उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। साल 2008 में हॉरर फिल्म 1920 से बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत करने वाली अदा शर्मा ने कहा कि उन्हें आज भी लोग बताते हैं कि इस फिल्म ने उन्हें कितना डराया था। वहीं कई दर्शक सनफ्लावर में उनके कॉमिक अंदाज की तारीफ करते हैं, जबकि ‘द केरल स्टोरी’ को लेकर लोग भावुक प्रतिक्रिया देते हैं। अभिनेत्री ने कहा कि जब दर्शक उनके किरदारों को याद करके अपनी भावनाएं साझा करते हैं, तो उन्हें लगता है कि उनकी मेहनत सफल हो गई। इन दिनों अदा शर्मा अपनी आगामी फिल्म गवर्नरः द साइलेंट सेवियर को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनके साथ राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता मनोज बाजपेयी भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। खबरों के मुताबिक, फिल्म की कहानी भारत के आर्थिक संकट के दौर और भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर एस. वेंकिटरमणन से प्रेरित बताई जा रही है। हालांकि फिल्म निर्माताओं ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यह फिल्म 12 जून को रिलीज होने वाली है। सुदामा/ईएमएस 06 मई 2026