मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की फिल्म ‘कल हो ना हो’ से जुड़ा एक पुराना वीडियो आजकल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो मशहूर चैट शो कॉफी विद करण का है, जिसे फिल्म निर्माता करण जौहर होस्ट करते हैं। दरअसल, लंबे समय से यह चर्चा होती रही है कि फिल्म ‘कल हो ना हो’ के लिए पहले करीना कपूर खान को चुना गया था। वीडियो में अभिनेत्री प्रीति जिंटा फिल्म को लेकर अभिनेत्री करीना कपूर खान के बयान पर खुलकर अपनी बात रखती नजर आ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें फिल्म का प्रस्ताव भी दिया गया था, लेकिन फीस को लेकर बात आगे नहीं बढ़ सकी। बताया जाता है कि करीना कपूर ने फिल्म के लिए उतनी ही फीस की मांग की थी, जितनी फिल्म के मुख्य अभिनेता शाहरुख खान को दी जा रही थी। फीस को लेकर सहमति न बनने के बाद फिल्म अंततः प्रीति जिंटा को मिल गई। शो के दौरान करण जौहर ने प्रीति जिंटा से पूछा कि जब हर जगह यह कहा जा रहा था कि करीना फिल्म की पहली पसंद थीं और उनकी जगह उन्हें लिया गया, तब उन्हें कैसा महसूस हुआ था। इस सवाल का जवाब देते हुए प्रीति जिंटा ने बेहद दिलचस्प अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी दुकान में जाकर जींस पहनकर देखता है, लेकिन उसे खरीदता नहीं है, तो वह जींस उसकी नहीं कहलाती। लेकिन जब कोई दूसरा व्यक्ति उसे खरीद लेता है, तो वह उसी की हो जाती है। प्रीति जिंटा ने आगे कहा कि जब करण जौहर ने उन्हें फिल्म की कहानी सुनाई थी, तब उन्हें सबसे ज्यादा हैरानी इस बात पर हुई थी कि आखिर कोई इतनी शानदार फिल्म को करने से मना कैसे कर सकता है। उन्होंने बताया कि उन्हें कहानी बेहद पसंद आई थी और वह इस फिल्म का हिस्सा बनकर काफी खुश थीं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर करीना कपूर ने फिल्म के लिए मना नहीं किया होता, तो शायद यह मौका उन्हें नहीं मिलता। इस बात के लिए उन्होंने मजाकिया अंदाज में करीना का धन्यवाद भी किया। इस दौरान शो में अभिनेता सैफ अली खान भी मौजूद थे। करण जौहर ने उनसे पूछा कि उनके अनुसार फिल्म में ‘नैना’ का किरदार कौन बेहतर निभा सकता था। इस पर सैफ अली खान ने कहा कि फिल्म देखने के बाद उन्हें लगता है कि उस किरदार में प्रीति जिंटा के अलावा किसी और की कल्पना करना मुश्किल है। सुदामा/ईएमएस 06 मई 2026