मनोरंजन
06-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अभिनेत्री सायराबानों से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की। दोनों दिग्गज अभिनेत्रियों की इस मुलाकात ने पुराने दौर की कई यादों को फिर से ताजा कर दिया। अभिनेत्री सायरा बानो ने इस खास मुलाकात की तस्वीरें और अनुभव सोशल मीडिया पर साझा किए। उन्होंने बताया कि हेमा मालिनी से दोबारा मिलकर उन्हें ऐसा लगा मानो वक्त फिर से पीछे लौट गया हो और फिल्मी दुनिया के सुनहरे दिन उनकी आंखों के सामने जीवंत हो उठे हों। सायरा बानो ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि कुछ दिन पहले हेमा मालिनी अपनी चचेरी बहन प्रभा के साथ उनसे मिलने उनके घर आई थीं। उन्होंने कहा कि जब उन्हें यह खबर मिली कि हेमा मालिनी फिर से मिलने आने वाली हैं, तो उनका दिल खुशी से झूम उठा। सायरा बानो के अनुसार, जैसे ही हेमा मालिनी उनके घर में दाखिल हुईं, वह आज भी उतनी ही खूबसूरत और आकर्षक लग रही थीं, जैसी वह वर्षों पहले दिखाई देती थीं। उन्होंने अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए बताया कि साल 1966 में फिल्म ‘दीवाना’ के सेट पर उन्होंने पहली बार हेमा मालिनी को देखा था। उस वक्त हेमा मालिनी की खूबसूरती ने उन्हें पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया था। सायरा बानो ने कहा कि उनकी सुंदरता को शब्दों में बयां करना मुश्किल था। पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच कई बार मुलाकातें हुईं और धीरे-धीरे एक आत्मीय रिश्ता बन गया। सायरा बानो ने उन दिनों को भी याद किया जब वे कृष्णा राज सागर बांध के पास शूटिंग के दौरान साथ समय बिताती थीं। उन्होंने बताया कि दोनों के कमरे एक-दूसरे के पास थे, जिसकी वजह से वे घंटों साथ बैठकर बातें करती थीं। दोनों अभिनेत्रियां सौंदर्य, त्वचा की देखभाल, रोजमर्रा की आदतों और जीवन से जुड़ी छोटी-छोटी बातों पर चर्चा करती थीं। उनके अनुसार, वे पल बेहद सादगी भरे और यादगार थे। उन्होंने यह भी बताया कि उन दिनों उनकी माताएं भी उनके साथ मौजूद रहती थीं और बातचीत के दौरान अपने अनुभवों और सलाह से माहौल को और भी खास बना देती थीं। सायरा बानो ने कहा कि उन निश्चिंत और खुशहाल दिनों की यादें आज भी उनके दिल के बेहद करीब हैं। अपने पोस्ट में सायरा बानो ने धर्मेंद्र और दिवंगत अभिनेता दिलीप कुमार के रिश्ते का भी जिक्र किया। सुदामा/ईएमएस 06 मई 2026