कोरबा (ईएमएस) सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कोरबा पुलिस “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर रही हैं। कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाकर 119 भारी वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही की गई है। पुलिस प्रशासन द्वारा पूर्व में ही ट्रांसपोर्टरों और वाहन स्वामियों की बैठक लेकर उन्हें नियमों की जानकारी दी गई थी। इस बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि रात्रि में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वाहनों के पीछे रेडियम पट्टी लगाना अनिवार्य है। हालांकि, निर्देशों की अनदेखी करने वाले संचालकों पर अब पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में दो अनुभागों में विशेष अभियान चला पुलिस की संयुक्त कार्यवाही की गयी, इसमें मुख्य रूप से दर्री और कोरबा अनुभाग के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यवाही की गई। दर्री अनुभाग अंतर्गत एनटीपीसी, कुसमुंडा, दीपका और बाकीमोगरा क्षेत्र में 47 वाहनों पर कार्यवाही की गयी। कोरबा अनुभाग अंतर्गत बालको और उरगा क्षेत्र में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 104 के तहत 72 वाहनों के चालान काटे गए। कोरबा पुलिस ने सभी ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करें और अपने वाहनों में रेडियम पट्टी अनिवार्य रूप से लगवाएं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। 06 मई / मित्तल