रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के खरोरा इलाके में बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने एक ज्वेलर्स के मैनेजर पर तलवार से हमला कर करीब 1 करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए और मौके से फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, विनायक ज्वेलर्स के मैनेजर विनीत सोनी तिल्दाडीह स्थित दुकान बंद करने के बाद दूसरी ब्रांच से जेवरात लेकर खरोरा लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में 2 से 3 बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियार से हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। हमले में मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को मैनेजर की मूवमेंट की पहले से जानकारी थी, जिसके चलते उन्होंने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस जल्द आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है। - (ईएमएस) 06 मई 2026