धमतरी (ईएमएस)। जिले के अछोटा गांव में ग्रामीणों ने कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए धमतरी-सिहावा रोड पर करीब एक घंटे तक चक्काजाम किया। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया और प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य मोनिका देवांगन के पति ऋषभ देवांगन पर रिपा निर्माण, अवैध रेत उत्खनन और शासकीय जमीन की बिक्री समेत करोड़ों रुपये के घोटाले के आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों ने तख्तियां लेकर नारेबाजी की और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। आंदोलन के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। बाद में मौके पर पहुंचे एसडीएम पीयूष तिवारी ने समझाइश देकर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ, लेकिन ग्रामीण सड़क किनारे धरने पर डटे रहे। ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच और उप सरपंच पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि राजनीतिक दबाव के चलते मामले को दबाया जा रहा है। ग्राम विकास समिति के पदाधिकारियों ने दावा किया कि गांव में पिछले एक साल से बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं, जिनमें शासकीय जमीन के दुरुपयोग और पंचायत के दस्तावेज गायब होने जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। एसडीएम ने बताया कि अवैध उत्खनन और पंचायत से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। कुछ पदाधिकारियों को पद से हटाया गया है और अन्य मामलों में भी जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। - (ईएमएस) 06 मई 2026