क्षेत्रीय
06-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नगर निगम जोन 8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने जरवाय स्थित C&D (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन) प्लांट और ट्रांसफर स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर किया गया। निरीक्षण के दौरान जोन 8 क्षेत्र के अंतर्गत वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1 स्थित प्लांट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस मौके पर कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, उप अभियंता अबरार खान, जोन स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन, स्वच्छता निरीक्षक रितेश झा सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जोन कमिश्नर ने स्थल का निरीक्षण कर साफ-सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन और संचालन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2025-26 को ध्यान में रखते हुए जोन 8 के सभी 7 वार्डों में पर्यावरण सुधार और स्वच्छता के लिए पुख्ता प्रशासनिक तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से कचरा प्रबंधन, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के वैज्ञानिक निपटान और ट्रांसफर स्टेशन की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने पर जोर दिया। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्य निष्पादन के निर्देश भी दिए गए। नगर निगम का लक्ष्य आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग हासिल करना है, जिसके लिए जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। - (ईएमएस) 06 मई 2026