रायपुर(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा आज राजधानी रायपुर लौटे, जहां कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में BJYM प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकारिहा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। रायपुर पहुंचने के बाद विजय शर्मा ने मंत्रालय में होने वाली आगामी अहम बैठक को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसमें राज्य की विभिन्न योजनाओं और तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने इसे पार्टी के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और देशभर के संगठनात्मक प्रयासों का नतीजा है। विजय शर्मा ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ से भी संगठन की टीम ने बंगाल में सक्रिय भूमिका निभाई और अन्य राज्यों के कार्यकर्ताओं ने मिलकर चुनावी अभियान में योगदान दिया। सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अब जनता इस विषय को लेकर जागरूक हो चुकी है और भारतीय जनता पार्टी इस पर सख्त और प्रभावी नीति के साथ काम कर रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे पर उन्होंने बताया कि जगदलपुर में होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। वहीं पद्मश्री फूलबासन यादव से जुड़े मामले पर विजय शर्मा ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह मामला सेल्फी लेने से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और पूरी गंभीरता से जांच जारी है इस दौरान रायपुर एयरपोर्ट और पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 मई 2026