राज्य
06-May-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) दुष्कर्म और धमकी के एक सनसनीखेज मामले में पुलिस द्वारा पुलिसकर्मी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामला कनाड़िया थाना क्षेत्र का है। जहा भोपाल में जीरो पर दर्ज एक केस ट्रांसफर होकर आया है और जिसमें मूलतः महाराष्ट्र तथा वर्तमान में भोपाल निवासी पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है। वहीं आरोपी पुलिसकर्मी जीआरपी थाने में पदस्थ है। पुलिस के अनुसार पैंतीस वर्षीय पीड़िता ने जीआरपी थाने में पदस्थ आरक्षक सचिन पिता हरीनारायण चंद्रवंशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते बताया कि इंदौर में पढ़ाई के दौरान वर्ष 2018 उसकी पहचान सचिन से फेसबुक के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और मुलाकातें होने लगीं। उसके बाद सचिन ने शादी का वादा किया और भरोसा दिलाते हुए उसे अपने साथ रखा। 8 नवंबर 2018 को आरोपी उसे कनाड़िया स्थित अपने सरकारी क्वार्टर में ले गया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी कई बार उनकी मुलाकातें होती रहीं और उसने जब भी शादी की बात की तो लह टालता रहा। हालांकि इस बीच दोनों के परिवारों की सहमति भी शादी के लिए बनी, लेकिन सचिन ने शादी नहीं की। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2021 में उसकी मां का और 2023 में पिता का निधन हो गया था जिसके बाद सचिन ने उससे दूरी बना ली और शादी से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद उसने जानकारी निकाली तो पता चला कि अब सचिन किसी अन्य युवती के साथ लिव-इन में रह रहा है और फरवरी 2026 में उसने किसी और से सगाई भी कर ली। इसके बाद गत 13 फरवरी को भोपाल में सचिन ने उससे मुलाकात के दौरान फिर शादी से इंकार करते हुए उसके फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी। जिसके बाद उसने परिजनों को पूरी बात बता उनके साथ भोपाल में जीरो पर शिकायत दर्ज कराई। जहां से जांच के बाद मामला कनाड़िया थाना इन्दौर भेजा गया, जहां पुलिस ने सचिन के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 06 मई 2026