क्षेत्रीय
06-May-2026
...


बीजापुर (ईएमएस)। जिला मुख्यालय में प्रशासन ने अवैध मिट्टी और मुरुम उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जेसीबी, दो टिप्पर और एक चैन माउंटिंग मशीन को जब्त किया है। यह कार्रवाई वेंकटराव कॉलेज के पीछे चल रहे अवैध उत्खनन स्थल पर की गई, जहां लंबे समय से बिना अनुमति के मिट्टी और मुरुम की खुदाई की जा रही थी। मामला कलेक्टर कार्यालय से महज कुछ ही दूरी का बताया जा रहा है। सूचना के बाद खनिज और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अवैध कार्य को तत्काल बंद करवाते हुए मशीनों को जब्त किया। एसडीएम जागेश्वर कौशल ने बताया कि मीडिया से सूचना मिलने के बाद टीम ने कार्रवाई की और सभी मशीनें जब्त कर ली गई हैं। मामले की जांच कर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इस कार्रवाई को लेकर यह भी सामने आया है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध उत्खनन जारी था, जिससे विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन ने अब पूरे मामले की विस्तृत जांच के संकेत दिए हैं। - (ईएमएस) 06 मई 2026