क्षेत्रीय
06-May-2026
...


- निगमायुक्त ने सुश्री परिहार गोल बाजार एवं सुभाष चौक क्षेत्र का किया औचक निरीक्षण कटनी (ईएमएस)। शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुगम आवागमन युक्त बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा बाजार क्षेत्रों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार देर शाम निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने गोल बाजार एवं सुभाष चौक क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन एवं यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने क्षेत्रीय व्यवसायियों से संवाद करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता एवं सुचारू आवागमन व्यवस्था बनाए रखने में व्यापारियों एवं आमजन की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने दुकानदारों से अपनी-अपनी दुकानों में डस्टबिन रखने तथा सामग्री को दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर रखकर व्यवसाय संचालित करने की अपील की, जिससे बाजार क्षेत्र स्वच्छ एवं व्यवस्थित बने रहें तथा नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। - व्यवसायियों से सफाई व्यवस्था का लिया फीडबैक निगमायुक्त सुश्री परिहार ने गोल बाजार एवं सुभाष चौक क्षेत्र के व्यापारियों से चर्चा कर निगम से संबंधित समस्याओं एवं सफाई व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया तथा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश क्षेत्रीय वार्ड दरोगा को दिए। निगमायुक्त ने व्यवसायियों से कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण के मापदंडों के अनुरूप शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए निगम प्रशासन निरंतर कार्य कर रहा है, जिसमें व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं नागरिकों का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। - सफाई एवं आवागमन व्यवस्था का किया निरीक्षण निगमायुक्त द्वारा गोल बाजार की विभिन्न गलियों में सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण वाहनों की नियमितता, डस्टबिन उपयोग की स्थिति एवं यातायात अवरोध संबंधी परिस्थितियों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने सड़क एवं नालियों के ऊपर रखी सामग्री, सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अतिक्रमण तथा आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाली व्यवस्थाओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। - अतिक्रमण हटाकर जल निकासी व्यवस्था करे दुरुस्त निगमायुक्त सुश्री परिहार ने निरीक्षण के दौरान लल्लू भैया स्तंभ के समीप, तुलसीदास एंड सन्स गली एवं जय अंबे ट्रेडर्स के सामने सार्वजनिक मार्ग पर रखी सामग्री को हटाकर आवागमन सुचारू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मोनिका साड़ी एवं कुमकुम साड़ी सेंटर के पास नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाकर नालियों का गहरीकरण एवं ढकने की कार्यवाही कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। निगमायुक्त ने देश भंडार के सामने स्थित एप्रोच मार्ग से अतिक्रमण हटाने, गोल बाजार क्षेत्र में दुकानें बंद होने के पूर्व नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित कराने, सुभाष चौक स्थित नाले की जाली की मरम्मत कराने तथा चौराहे के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, शैलेन्द्र प्यासी, अतिक्रमण अधिकारी मानेंद्र सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अतिक्रमण अमले के कर्मचारी उपस्थित रहे। - ईएमएस / 05 मई 26