क्षेत्रीय
06-May-2026
...


कोंडागांव (ईएमएस)। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पूसपाल गांव के पहाड़ी मार्ग पर बारातियों से भरी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, बारात से लौट रही पिकअप जैसे ही पहाड़ी और ढलान वाले रास्ते से गुजर रही थी, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और गाड़ी पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। हादसे में 4 बच्चे, 2 महिलाएं और 2 पुरुष घायल हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। शुरुआती जांच में वाहन के तेज रफ्तार और पहाड़ी मोड़ पर नियंत्रण खोना हादसे का कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं प्रशासन ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। - (ईएमएस) 06 मई 2026