रायगढ़(ईएमएस)। जिले के कोसीर थाना क्षेत्र अंतर्गत जशपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। नदी में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। जानकारी के अनुसार, जशपुर गांव निवासी संतोष माली की दो बेटियां—करीना माली और चांदनी माली—मंगलवार दोपहर घर से बिना बताए खेलने के लिए निकली थीं। देर शाम तक जब दोनों वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान रात करीब 7 बजे ग्रामीणों ने गांव के पास नदी में दो बच्चों के शव तैरते हुए देखे। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पहचान करने पर स्पष्ट हुआ कि दोनों शव उन्हीं लापता बहनों के हैं। सूचना पर कोसीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 मई 2026