क्षेत्रीय
06-May-2026
...


- निरीक्षक को लगाई फटकार, माइक छोड़कर कार्यक्रम से निकले अधिकारी कांकेर(ईएमएस)। जिले में आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान के दौरान सांसद भोजराज नाग का गुस्सा एक बार फिर सुर्खियों में आ गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मत्स्य विभाग के निरीक्षक को किसानों के सामने जमकर फटकार लगाई, जिसके बाद अधिकारी बिना जवाब दिए माइक छोड़कर कार्यक्रम स्थल से निकल गए। यह पूरा घटनाक्रम ग्राम दसपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुआ, जहां सांसद किसानों से सीधा संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। सांसद भोजराज नाग ने जब मत्स्य विभाग के निरीक्षक से पूछा कि क्या किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ मिल रहा है, तो निरीक्षक स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। इस पर सांसद ने नाराजगी जताते हुए मंच से ही कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा और अधिकारियों को इसकी जानकारी तक नहीं है, तो यह गंभीर लापरवाही है। उन्होंने यह भी कहा कि किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं, जो स्वीकार्य नहीं है। सांसद की नाराजगी के बाद निरीक्षक ने बिना कोई जवाब दिए माइक छोड़ दिया और कार्यक्रम स्थल से चले गए। इस पर सांसद का गुस्सा और बढ़ गया, जिससे कार्यक्रम में कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई। गौरतलब है कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मत्स्य विभाग के अन्य अधिकारी भी अनुपस्थित रहे, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विकसित कृषि संकल्प अभियान जैसे मंच पर अधिकारियों की अनुपस्थिति और जानकारी का अभाव किसानों के हितों को प्रभावित कर सकता है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)06 मई 2026