रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के मोवा-पंडरी इलाके में हुए सनसनीखेज फायरिंग मामले में दूसरी घायल युवती दुर्गेश्वरी ने बुधवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले गीतांजलि की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद अब दोनों सालियों की मौत हो चुकी है। पूरा मामला मोवा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार आरोपी जितेंद्र वर्मा का मंगलवार रात अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि वह अपने बच्चों से मिलने नहीं दिए जाने से नाराज था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दोनों सालियों पर करीब तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं और अस्पताल ले जाया गया, जहां एक को पहले ही मृत घोषित कर दिया गया था। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था। डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने बताया कि यह पूरी घटना पारिवारिक विवाद का परिणाम है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की आगे जांच शुरू कर दी है। - (ईएमएस) 06 मई 2026