- ग्लास इंस्ट्रीज की समस्याओं को दूर किया जाएगा,नवागत डीएम संतोष शर्मा ने सम्हाला कार्यभार फिरोजाबाद(ईएमएस)उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद जनपद को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है। महराजगंज से स्थानांतरित होकर आए 2014 बैच के आईएएस अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को कोषागार पहुंचकर औपचारिक रूप से जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया। राज्य सरकार द्वारा हाल ही में पूर्व जिलाधिकारी रमेश रंजन को राजस्व परिषद भेजे जाने के बाद यह नियुक्ति की गई है। तहसीलदार राखी शर्मा से हुए विवाद के बाद यह प्रशासनिक बदलाव किया गया। जनसुनवाई और विकास योजनाएं होंगी प्राथमिकता पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में डीएम संतोष कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहेगी। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा सरकार की सभी विकास योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। कानून व्यवस्था पर सख्त रुख नवागत जिलाधिकारी ने कानून व्यवस्था को लेकर भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और प्रशासन पूरी सख्ती के साथ काम करेगा। आलू और कांच उद्योग पर रहेगा फोकस डीएम ने जनपद की आर्थिक संरचना को ध्यान में रखते हुए कहा कि फिरोजाबाद में बड़े पैमाने पर आलू की खेती होती है, इसलिए फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को प्राथमिकता देते हुए किसानों को बेहतर अवसर देने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने प्रसिद्ध कांच उद्योग को लेकर भी अपनी प्राथमिकता स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि कांच उद्योग को बढ़ावा देने के लिए ठोस रणनीति बनाई जाएगी, ताकि इस क्षेत्र में रोजगार और उत्पादन दोनों में वृद्धि हो सके और फिरोजाबाद की पहचान और मजबूत हो। बड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में चल रही बड़ी सरकारी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा. इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। संतोष कुमार शर्मा मूल रूप से सोनभद्र जनपद के निवासी हैं और इससे पहले कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उनके प्रशासनिक अनुभव से जिले में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। ए शर्मा, ईएमएस फिरोजाबाद