- पानी निकालने लगानी पड़ी मशीन कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिलान्तर्गत एनटीपीसी की रेल लाइन पर कोयला परिवहन को निर्बाध बनाए रखने के उद्देश्य से ग्राम कुचेना बायपास मार्ग में बनाया गया अंडरपास पहली ही बारिश में अपनी कमजोरियों को उजागर कर गया। गर्मी के बीच हुई हल्की बारिश में ही अंडरपास पूरी तरह पानी से लबालब भर गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह के समय ठेकेदार द्वारा पंप लगाकर पानी निकासी की व्यवस्था की गई, जिसके बाद किसी तरह यातायात बहाल हो सका। हालांकि यह केवल अस्थायी समाधान साबित हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार बारिश में इसी तरह पंप के सहारे पानी निकालना व्यावहारिक नहीं है और यह समस्या का स्थायी हल भी नहीं है। यह अंडरपास कोरबा से गेवरा-दीपका के बीच आवागमन का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोग, कर्मचारी और भारी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में थोड़ी सी बारिश में ही जलभराव की स्थिति बनना चिंताजनक है। लोगों का आशंका जताते हुए कहना है कि जब प्री-मानसून की बारिश में यह हाल है, तो आषाढ़, सावन और भादो के महीनों में होने वाली लगातार और तेज बारिश के दौरान हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से मांग की है कि अंडरपास में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। - निकासी का हो ठोस प्रबन्ध उचित ड्रेनेज सिस्टम, पानी निकासी के लिए स्थायी पंपिंग स्टेशन, और अंडरपास के ढलान में तकनीकी सुधार कार्य जरूरी है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले मानसून में यह अंडरपास न केवल आवागमन में बाधा बनेगा, बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकता है। - 06 मई