क्षेत्रीय
06-May-2026
...


कोरबा (ईएमएस)। जानकारी के अनुसार कोरबा जनपद के ग्राम कटबितला में विगत दो साल से बन रहा 11,79,000 हजार का आंगनबाड़ी भवन आज भी अधूरा हैं। कोरबा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की रफ्तार काफी सुस्त चल रही है। जिनके जिम्मे विकास कार्य करने-कराने की जिम्मेदारी है, उनके द्वारा लापरवाही और उदासीनता पूर्ण कार्य कराए जाने के कारण निर्माण का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। इसी कड़ी में कोरबा जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत कटबितला में आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण कछुआ गति से हो रहा है। वर्ष 2022-23 में इस निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई थी और इसके पश्चात आज पर्यंत यह कार्य आधा-अधूरा ही है। निर्माण कार्य करने वाले के द्वारा रुक-रुक कर कार्य कराये जाने के कारण कार्य की मंशा और गुणवत्ता पर सवाल भी उठ रहे हैं। आंगनबाड़ी केंद्र संचालन के लिए भवन का निर्माण नहीं हो पाने के कारण बच्चे कभी पंचायत भवन तो किराए की परछी तो कहीं अन्य जगह पर मौजूद रहकर अनौपचारिक शिक्षा प्राप्त करने व पोषण आहार ग्रहण करने के लिए बाध्य हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं तो दूसरी तरफ निर्माणकर्ता एजेंसी के द्वारा ग्राम पंचायत माध्यम से य ठेकेदार के माध्यम से कार्य कराया जा रहा है, उसकी लापरवाही से योजना भेंट चढ़ रही है। उल्लेखनीय हैं की उक्त कार्य ग्राम पंचायत कटबितला के पूर्व सरपंच के द्वारा स्वीकृत कराया गया था। सरपंच बदल गया लेकिन काम आज भी अधूरा ही चल रहा है। ग्राम के जागरुक लोगों ने इस बात की आशंका जताई है कि निर्माणकर्ता के द्वारा गुणवत्ताहीन कार्य कराया जा रहा है और लीपापोती हो रही है। यह कार्य जल्द समाप्त कराया जाना चाहिए ताकि आंगनबाड़ी के बच्चों को अपना खुद का भवन मिल सके और कार्य गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सके। - 06 मई