अंतर्राष्ट्रीय
06-May-2026
...


तेहरान,(ईएमएस)। ईरान की राजधानी के समीप एक शॉपिंग सेंटर में भीषण आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 घायल हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को एक स्थानीय टीवी चैनल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तेहरान प्रांत के अंदिशेह कस्बे में स्थित अर्घावन शॉपिंग सेंटर में मंगलवार को आग लग गई हालांकि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इस संबंध में जांच जारी है। रिपोर्ट के मुताबिक टीवी पर दिखाए गए फुटेज में दमकलकर्मी आग की लपटों को बुझाने के काम में लगे दिखाई दिए, वहीं बहुमंजिला इमारत से काले धुएं का गुबार उठता भी दिखाई दिया। फिलहाल इस बात का कोई संकेत नहीं मिला कि आगजनी की घटना युद्ध से जुड़ी हुई थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस घटना का मौजूदा क्षेत्रीय तनाव या युद्धविराम से कोई संबंध नहीं है। बता दें हाल ही में ईरान और अमेरिका के बीच एक अस्थिर युद्धविराम लागू है, लेकिन इस हादसे को उससे जुड़ा नहीं माना जा रहा है। सिराज/ईएमएस 06मई26