नई दिल्ली (ईएमएस)। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर का न्यूनतम तापमान 20- 22 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मई का महीना आमतौर पर भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से लोगों को परेशान करता है, लेकिन इस साल मौसम का मिजाज लोगों के लिए राहत भरा है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को तेज हवाओं, हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहा। मंगलवार को मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश बिहार, मध्य प्रदेश सहित 14 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान आने का अलर्ट जारी किया था। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी-दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलीं, गति 10-15 किमी/घंटा थी और जो बढ़कर 37 किमी/घंटा तक पहुंच गई थी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/06/ मई/2026