ग्वालियर ( ईएमएस ) डबरा-ग्वालियर हाईवे पर मंगलवार रात करीब 2 बजे 11 केवी बिजली के खंभे से टकराने के बाद एक स्विफ्ट कार में आग लग गई। इसमें दो युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। कार में मृतकों के कंकाल मिले हैं | मृतकों की पहचान छतरपुर निवासी अवधेश विश्वकर्मा (32) और रामजी सोनी (33) के रूप में हुई। अवधेश फाइनेंस का काम करते थे। शिवपुरी के बामोर में उनकी ससुराल है। अविनाश झा उनके साले हैं। ग्वालियर में अविनाश के दोस्त के यहां शादी थी। उसमें शामिल होने के लिए वह छतरपुर से शिवपुरी आए थे। शिवपुरी से अविनाश, अवधेश और राम जी कार में सवार होकर ग्वालियर गए थे। उन्होंने लौटते समय शादी की आतिशबाजी में बचे पटाखे कार में रख लिए थे। कार अवधेश चला रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि अवधेश को नींद का झोंका आया। इसके बाद गाड़ी बिजली पोल से टकरा गई। हादसे के बाद पोल बीच से टूट गया। 11 केवी की लाइन गाड़ी के ऊपर गिर गई। कार के आगे के दोनों डोर लॉक हो गए। अविनाश पीछे बैठे हुए थे। टक्कर लगने से पीछे के गेट खुल गए और अविनाश बाहर गिर गए। अवधेश और रामजी कार में ही फंस गए। और उनकी मौत हो गई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है